IPL 2026: KKR ने रोका हैदराबाद का विजयरथ, लगातार 5 जीत के बाद मिली हार


IPL 2026, SRH vs KKR: आईपीएल 2026 के 45वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को बुरी तरह हराते हुए शानदार जीत दर्ज की. ये मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, लेकिन SRH की टीम को अपने घर पर हार का सामना करना पड़ा. इसी के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार 5 जीत का सिलसिला भी टूट गया. वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीत की हैट्रिक लगाई है. पहले 6 मैचों में एक भी जीत ना हासिल करने वाली केकेआर की टीम दमदार वापसी कर रही है.
सनराइजर्स हैदराबाद को सस्ते में किया ढेर
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी पारी में विकेटों का पतझड़ देखा. टीम 19 ओवर में 165 रन पर सिमट गई. अभिषेक शर्मा सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद ट्रेविस हेड ने आक्रामक अंदाज में 28 गेंदों पर 61 रन बनाए. जिसके चलते उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर टीम के स्कोर पर सिर्फ 8.5 ओवर में 105 रन पर पहुंचा दिया. लेकिन इसके बाद पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई.
टीम ने अपने आखिरी 9 विकेट सिर्फ 60 रन में गंवा दिए, जिसके चलते SRH की टीम सिर्फ 165 रनों तक पहुंच सकी. इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए. वहीं, सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने 2-2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. इनके अलावा वैभव अरोरा, कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय ने 1-1 सफलता मिली.
KKR ने आसानी से चेज किया टारेगट
टारगेट का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरूआत तेज रही. फिन ऐलन ने 13 गेंदों पर 29 रन बनाए, लेकिन पैट कमिंस की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने संभलकर खेलते हुए टीम को आसानी से जीत के करीब पहुंचा दिया. रहाण ने 36 गेंदों पर 43 रन बनाए. वहीं, अंगकृष रघुवंशी ने 47 गेंदों पर 59 रन बनाए. इनके अलावा रिंकू सिंह ने 11 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए, जिसके चलते केकेआर ने 18.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर इस टारगेट को हासिल कर लिया.
ये इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की तीसरी जीत है. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद को 10 मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है. इसके बावजूद वह पॉइंट्स टेबल में टॉप-3 में बनी हुई है. लेकिन केकेआर अभी भी 8वें स्थान पर ही है.











