जगदलपुर में नौकरी का सुनहरा मौका: 10वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए 305 पदों पर भर्ती, 12 मई को लगेगा विशाल प्लेसमेंट कैंप

बस्तर के युवाओं के लिए रोजगार पाने का शानदार अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से मंगलवार 12 मई को एक दिवसीय विशाल प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा, जहां निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां कुल 305 अलग-अलग पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।
10वीं पास युवाओं के लिए 300 पदों पर भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत Paramount Human Resource द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 300 पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं तथा इलेक्ट्रिकल या वायरिंग ट्रेड में आईटीआई निर्धारित की गई है।चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 16,500 रुपए तक वेतन दिया जाएगा, जिससे तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं को बेहतर अवसर मिलेगा।
ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए भी मौका
वहीं Kaizen Motoventures Private Limited द्वारा सेल्स ऑफिसर के 5 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति जगदलपुर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा में की जाएगी, जहां उन्हें 15 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
18 से 35 वर्ष के युवक-युवतियां ले सकते हैं हिस्सा
उपसंचालक जय प्रकाश कौशिक ने बताया कि 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी इस प्लेसमेंट कैंप में हिस्सा ले सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।उन्होंने बताया कि फरवरी में आयोजित संभागस्तरीय रोजगार मेले में 6 हजार रिक्तियां आई थीं, जिसमें बस्तर संभाग के 347 युवाओं का चयन हुआ था। वहीं अप्रैल 2026 में आयोजित मेलों के जरिए भी कई युवाओं को रोजगार मिला।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार रोजगार विभाग के अधिकृत पोर्टल पर जाकर आगामी रोजगार मेला विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जो अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे आयोजन के दिन सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच कैंप स्थल पर पहुंचकर ऑफलाइन पंजीयन भी करा सकेंगे।











