जमीन बेचकर मिले 2.21 लाख पर खुद ही रची चोरी की साजिश, जांजगीर-चांपा पुलिस ने घंटों में खोला राज

Janjgir जिले में चोरी के एक मामले का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए हैरान कर देने वाला सच सामने लाया है। 2 लाख 21 हजार रुपए की कथित चोरी की शिकायत करने वाला व्यक्ति ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड निकला। उसने लेनदारों से बचने के लिए अपने ही घर में चोरी की झूठी साजिश रची थी। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र का है।

खेत बेचने के बाद घर में रखे थे 2.21 लाख रुपए

बनडभरा गांव निवासी नरेश भरद्वाज ने 9 मई को बिर्रा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसने 8 मई को अपना खेत बेचकर 2 लाख 21 हजार रुपए प्राप्त किए थे। यह रकम उसने घर की अलमारी में रखी थी। रात में वह आंगन में सो रहा था, तभी अज्ञात चोर घर में घुसे और अलमारी उठाकर पास के खेत में ले जाकर नकदी निकाल ले गए।

शिकायत के बाद पुलिस को हुआ शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की, लेकिन जांच के दौरान शिकायतकर्ता का व्यवहार संदिग्ध नजर आया। वह बार-बार थाने आने में आनाकानी करने लगा और फोन कॉल तक नहीं उठा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और नरेश से सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में खुला झूठी चोरी का पूरा खेल

पुलिस पूछताछ में नरेश भरद्वाज टूट गया और उसने पूरा सच उगल दिया। उसने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उसने उधार ले रखा था और रकम वापस नहीं करनी पड़े, इसलिए उसने चोरी की झूठी कहानी गढ़ी।

घर की छत पर छिपा रखी थी पूरी रकम

नरेश ने पुलिस को बताया कि उसने खुद ही अलमारी को घर से कुछ दूरी पर ले जाकर क्षतिग्रस्त किया, ताकि मामला असली चोरी जैसा लगे। इसके बाद उसने पूरी रकम निकालकर अपने घर की छत पर छिपा दी थी।

पुलिस ने रकम बरामद कर शुरू की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 2 लाख 21 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। फिलहाल रकम उसे सुपुर्द कर दी गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com