पत्नी के प्रेमी की हत्या: अवैध संबंध के शक में पति और बेटे ने घर बुलाकर केबल तार से घोंटा गला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में एक पति ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक को समझाइश देने के बहाने घर बुलाया और मोबाइल के केबल तार से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
प्रेम संबंध के शक से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के सिंगारपुर मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। वह पिछले एक सप्ताह से सकरी के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अपनी पत्नी रीना कामले, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पहले रीना कामले की छोटी बहन की शादी के दौरान उसकी पहचान लोरमी के राम्हेपुर निवासी दावेंद्र कुमार बघेल से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध बन गए।
पति को लगी भनक, पत्नी को दी थी चेतावनी
करीब एक माह पहले शिव कामले को पत्नी और दावेंद्र के संबंधों की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने पत्नी को दावेंद्र से दूरी बनाने की चेतावनी दी थी और उसका सिम कार्ड भी तोड़कर फेंक दिया था।
सिम देने पहुंचा युवक, फिर बुलाया गया घर
30 मई की दोपहर करीब 12 बजे दावेंद्र कुमार बघेल रीना को नया सिम देने घर पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। इसके बाद उन्होंने दावेंद्र को घर बुलाया और रीना से दूर रहने की समझाइश देने लगे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।
मोबाइल के केबल तार से घोंट दिया गला
विवाद इतना बढ़ा कि शिव कामले और उनके बेटे ने मिलकर दावेंद्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मोबाइल के केबल तार से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला की शिकायत पर खुला राज
घटना के बाद रीना कामले ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर सकरी पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











