टोप्पो की गिरफ्तारी पर अड़े राजस्व अधिकारी, आज से थमेगा तहसीलों का कामकाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट के मामले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी नहीं होने से राजस्व अधिकारियों में भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में प्रदेशभर के अधिकारी कामकाज ठप कर आंदोलन करेंगे।
गिरफ्तारी नहीं होने पर बढ़ा आक्रोश
राजस्व अधिकारी संघ का कहना है कि घटना के विरोध में 29 मई को प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया था और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।संघ का आरोप है कि यदि कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों और राजस्व अधिकारियों के साथ मारपीट जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई नहीं होती है, तो इससे अधिकारियों का मनोबल कमजोर होगा और प्रशासनिक कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
जमीन के दस्तावेज को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने 14 मई को जमीन संबंधी शाख शोध पत्र बनवाने के लिए आवेदन जमा किया था।सीमा धनकी का आरोप है कि कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी उनका काम नहीं हुआ। 27 मई को जब वे अपने दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने उप तहसील कार्यालय पहुंचीं तो नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उनकी बहस हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें दूसरे कार्यालय से हस्ताक्षर कराने की बात कही।
विधायक के पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
सीमा धनकी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी। आरोप है कि इसके बाद विधायक के समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए।बताया जा रहा है कि शाम के समय विधायक ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार तुषार मानिक को दोबारा राजापुर बुलाया। उनके साथ एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
नायब तहसीलदार ने लगाया मारपीट का आरोप
नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने अभद्रता के आरोप को लेकर उनसे मारपीट की। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया था और केवल नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आने को कहा था।तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक के समर्थकों ने उनकी पिटाई की और विधायक ने भी उनके साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव किया और उन्हें सुरक्षित वहां से बाहर निकाला।
तहसीलों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका
राजस्व अधिकारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते प्रदेशभर की तहसीलों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र सहित कई राजस्व कार्य प्रभावित हो सकते हैं। अधिकारी संघ ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा।











