वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में भी पहली गेंद पर मारी बाउंड्री, 12 गेंदों पर ठोके इतने रन

श्रीलंका में वैभव सूर्यवंशी क्या करेंगे? पहली गेंद पर छक्का लगेगा या चौका? ये सवाल हर किसी के मन में थे, जिसका जवाब उन्होंने अब दे दिया है. 15 साल के होनहार बल्लेबाज ने श्रीलंका की मुश्किल पिच पर भी वही किया जिसके लिए वो विश्व विख्यात हो चुके हैं. वनडे ट्राएंगुलर सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया ए और मेजबान श्रीलंका ए के बीच मुकाबला खेला जा रहा है. दांबुला में चल रहे इस मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह के साथ वैभव सूर्यवंशी, इंडिया ए की पारी की शुरुआत करने उतरे. पहला ओवर प्रभसिमरन के मेडन खेलने के बाद वैभव ने दूसरे ओवर की शुरुआत अपने चिर-परिचित अंदाज में बाउंड्री के साथ की.

वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में भी पहली गेंद पर मारा चौका
दांबुला की पिच पर श्रीलंका ए की ओर से उसके तेज गेंदबाज शिराज ने भारतीय पारी का दूसरा ओवर डाला. शिराज की पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने चौका जड़ दिया. इसके बाद दूसरी गेंद उन्होंने डॉट खेली और तीसरी गेंद पर फिर से चौका जमा दिया. दो चौकों के साथ शिराज से उस ओवर से वैभव ने 9 रन बटोरे.

जिसकी पहली गेंद पर जड़ा चौका, उसी ने लिया वैभव का विकेट

वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका दौरे पर अपनी बल्लेबाजी का आगाज तो चिर-परिचित अंदाज में किया. मगर वो ज्यादा लंबा नहीं खेल पाए. उनकी पारी 12 गेंदों की ही रही, जिसमें उन्होंने 3 चौके के साथ 14 रन बनाए. वैभव का विकेट उसी गेंदबाज ने लिया, जिसकी पहली गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा था. उन्हें शिराज ने ही आउट किया.

प्रभसिमरन सिंह के साथ कैसी रही ओपनिंग पार्टनरशिप?

वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह के बीच ओपनिंग विकेट के लिए 16 रन की पार्टनरशिप हुई, जिसमें 14 रन अकेले वैभव के रहे. वैभव के आउट होने के अगले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह भी आउट हो गए. उन्होंने 11 गेंदों पर 2 रन बनाए. कुल मिलाकर कहें तो इंडिया ए की ओपनिंग जोड़ी श्रीलंका ए के खिलाफ पहले वनडे में अपनी वो छाप नहीं दिखा पाई, जो उसकी पहचान रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com