पेंड्रा के अड़भार में दो पक्षों में खूनी झड़प, अंधविश्वास और जमीन विवाद बना वजह

जीपीएम में रविवार को पुरानी जमीनी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों तरफ से शिकायतें दर्ज कर ली हैं। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम अड़भार का है।

पहले पक्ष के राजू केंवट ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पर देवी आने की बात को लेकर उन्होंने देव कुमारी को आरती करने के लिए कहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के कारण देव कुमारी, उनके बेटों शिव कुमार, संजीव कुमार और दामाद गनपत केंवट ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।

राजू केंवट के अनुसार, शिव कुमार ने बांस के डंडे से राजू और उनकी पत्नी शारदा केंवट की पिटाई की। इससे दोनों को छाती और पीठ पर चोटें आईं। मौके पर मौजूद सरपंच लाल चंद सोनवानी और अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। राजू की शिकायत पर पुलिस ने देव कुमारी, शिव कुमार, संजीव कुमार और गनपत केंवट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

अंधविश्वास को लेकर शुरू हुआ विवाद

वहीं, दूसरे पक्ष के शिव कुमार केंवट ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने राजू की बेटी को भूत पकड़ने की बात को अंधविश्वास बताया, तो पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर राजू केंवट और दुर्गा केंवट भड़क गए।

पुरानी रंजिश में गाली-गलौज और मारपीट

शिव कुमार के मुताबिक, राजू केंवट और दुर्गा केंवट ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। राजू ने उनका गला दबाया, जबकि दुर्गा केंवट ने बांस के डंडे से शिव कुमार और उनकी मां देव कुमारी पर हमला किया।

आरोपियों पर काउंटर केस दर्ज

इस मारपीट में शिव कुमार की पीठ और उनकी मां के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इस पक्ष की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने राजू केंवट और दुर्गा केंवट के खिलाफ भी काउंटर केस दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com