चानौत में ग्रामीणों पर लाठीचार्ज शर्मनाक…अनुराग ढांडा ने सैनी सरकार पर बोला हमला

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हांसी के चानौत गांव में पानी की मांग कर रहे ग्रामीणों पर आधी रात को किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को बेहद शर्मनाक और लोकतंत्र पर हमला बताया. उन्होंने कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह पानी जैसी बुनियादी जरूरत तक पूरी नहीं कर पा रहे हैं. जब जनता अपने हक का पानी मांग रही है तो सरकार समस्या का समाधान करने की बजाय डंडे बरसा रही है.
अनुराग ढांडा ने कहा कि यह समझ से परे है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह से इतना छोटा सा मामला भी नहीं संभल रहा. ग्रामीण 38 दिनों से पानी मांग रहे है, कोई गैरकानूनी मांग नहीं कर रही. पूरे प्रदेश में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, कई इलाकों में 10-15 दिनों से नल सूखे पड़े हैं, किसान सिंचाई के संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार समाधान ढूंढने की बजाय जनता को डराने और दबाने में लगी हुई है.










