अवैध रेत तस्करी के दौरान बड़ा हादसा, ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ग्राम मड़वारानी के पास उस समय हुआ, जब सोन नदी से अवैध रूप से रेत भरकर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
इंजन के नीचे दबने से मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष) अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर में रेत भरकर सोन नदी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में शिवकुमार ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दो युवक गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक अमित कुमार समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। साथ ही घायलों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











