सेशेल्स दौरे पर रवाना हुए पीएम मोदी, हिंद महासागर में रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर रवाना हो गए हैं। 27 से 29 जून तक चलने वाले इस दौरे के दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस और देश की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने रवाना होने से पहले कहा कि यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने का अवसर होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और हिंद महासागर क्षेत्र में प्रमुख साझेदार है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री सहयोग और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जो आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक हैं।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, डिजिटल गवर्नेंस, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे, जो दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा और समुद्री सहयोग को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।
हिंद महासागर में स्थित सेशेल्स क्षेत्रफल और आबादी दोनों के लिहाज से अफ्रीका का सबसे छोटा संप्रभु देश है। करीब 1.35 लाख की आबादी वाले इस द्वीपीय राष्ट्र में लगभग 12 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं। रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह देश भारत की समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय सहयोग और हिंद महासागर में स्थिरता बनाए रखने की नीति का अहम साझेदार माना जाता है।











