एमपी के बकरा चोर गैंग का बिलासपुर में भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश के एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन और 1 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। गिरोह के सदस्य गांवों में पहले रेकी करते थे और फिर मौका पाकर रात के अंधेरे में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
चकराभाठा में हुई चोरी से खुला राज
ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून को थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 जून की रात रोज की तरह अपने 4 बकरे और 15 बकरियों को बकरी कोठा में बंद किया था। अगले दिन सुबह उठकर देखा तो कोठा की ईंट की दीवार टूटी हुई थी और सभी 19 बकरा-बकरी गायब थे। चोर रात के अंधेरे में कोठा तोड़कर पशुओं को ले गए थे।
लगातार वारदातों से पुलिस हुई सतर्क
जिले के चकराभाठा, बिल्हा और रतनपुर क्षेत्रों में लगातार बकरी चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। रतनपुर में हुई बड़ी चोरी के बाद पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
खेत समतलीकरण के बहाने करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश से स्कॉर्पियो वाहन में गांव-गांव घूमते थे। खेत समतलीकरण (लेवलिंग) का काम मांगने के बहाने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर उन घरों की पहचान करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरा-बकरी पाले जाते थे। रेकी पूरी होने के बाद रात के समय सुनसान स्थानों और कोठों को निशाना बनाकर पशुओं की चोरी करते और उन्हें वाहन में भरकर फरार हो जाते थे।
1.75 लाख रुपए में बेची थीं चोरी की बकरियां
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चकराभाठा से चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को 1 लाख 75 हजार रुपए में बेच दिया गया था। इस रकम में से 25 हजार रुपए खर्च हो चुके थे, जबकि शेष 1 लाख 50 हजार रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए। चोरी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।











