ड्रग्स क्वीन नाव्या मलिक केस में ईडी की एंट्री, हाईप्रोफाइल नेटवर्क और मनी ट्रेल की होगी जांच

रायपुर में चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े मनी ट्रेल, आर्थिक लेनदेन और नेटवर्क की पड़ताल करेगी। इसके लिए ईडी ने रायपुर पुलिस से चार्जशीट और जांच से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं।

पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, आरोपी नाव्या मलिक का संपर्क केवल ड्रग्स तस्करों तक सीमित नहीं था, बल्कि शहर के कई कारोबारी और इवेंट आयोजकों से भी उसके संबंध बताए गए हैं। जांच में सामने आया है कि दिल्ली से मादक पदार्थ मंगवाकर रायपुर के कई होटल, पब और टेक्नो पार्टियों में उनकी सप्लाई की जाती थी।

पुलिस जांच के मुताबिक, नाव्या मलिक का नाम पहली बार ड्रग्स तस्करी में गिरफ्तार अन्य आरोपियों के बयान के बाद सामने आया था। इसके बाद उसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह हाईप्रोफाइल पार्टियों और निजी आयोजनों में ड्रग्स उपलब्ध कराती थी और खुद भी इन कार्यक्रमों में शामिल होती थी।

चार्जशीट में दावा किया गया है कि दिल्ली का एक कथित सप्लायर सिंडिकेट को ड्रग्स उपलब्ध कराता था। गिरफ्तार आरोपी मोनू बिश्नोई ने पूछताछ में बताया कि वह कई बार ड्रग्स की खेप रायपुर पहुंचा चुका था और प्रत्येक डिलीवरी के बदले उसे भुगतान किया जाता था।

जांच में यह भी उल्लेख किया गया है कि शहर के कई होटल, पब और रिसॉर्ट में आयोजित टेक्नो पार्टियों के दौरान कथित रूप से ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने अपनी जांच में कई कारोबारियों और इवेंट आयोजकों से पूछताछ भी की है। हालांकि, सभी लोगों को आरोपी नहीं बनाया गया है।

चार्जशीट के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा ड्रग्स की डिलीवरी लेने और भुगतान करने का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई है और संबंधित तथ्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि नाव्या मलिक के मंगेतर अयान परवेज ने कथित रूप से दिल्ली से आने वाली ड्रग्स की खेप की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस के अनुसार, इसी सूचना के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता मिली। चार्जशीट में यह भी उल्लेख है कि अयान स्वयं भी कथित रूप से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। अब ईडी की जांच के बाद मामले में आर्थिक अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर भी कार्रवाई आगे बढ़ने की संभावना है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com