सक्ती में छात्र का अपहरण कर बेरहमी से की पिटाई, वीडियो वायरल; 6 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग शामिल

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आत्मानंद स्कूल के एक नाबालिग छात्र के साथ अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने छात्र को जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें तीन आरोपी नाबालिग हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्र शुक्रवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। स्कूल के पास पहुंचते ही चार बाइकों पर सवार 8 से 9 युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए। आरोपियों ने उसे शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान के पास ले जाकर मारपीट की। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने छात्र के कपड़े उतरवाकर उसके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला किया। इस दौरान उसकी बाइक की चाबी और नकदी भी छीन ली गई। घटना के बाद छात्र शाम को घर पहुंचा, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी परिजनों को हुई।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में आरोपी छात्र को लगातार थप्पड़ और मुक्के मारते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मारपीट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और इसकी जांच जारी है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आनंद कुमार रात्रे (19), दिनेश रात्रे (24), सोम कुमार रात्रे उर्फ पालू (19) सहित तीन नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपी टेड़ही मोहल्ला के निवासी बताए गए हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 67-बी तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com