एमबीबीएस की 8 हजार से अधिक सीटें, 4 नए मेडिकल कॉलेज शुरू, NMC ने जारी किया सीट मैट्रिक्स

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 का रिजल्ट जारी करने की तैयारियां शुरू कर दी है. इस बीच नेशनल मेडिकल कमीशन ने एकेडमिक सेशन 2026-27 के लिए MBBS सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है. इसके साथ ही NMC ने MBBS में एडमिशन की तैयारी कर रहे कैंडिडेट्स को बड़ा तोहफा दिया है. इस सेशन में MBBS की 8 हजार से अधिक सीटों में बढ़ोतरी की गई है. यानी पिछले साल की तुलना में इस साल MBBS में 8 हजार से अधिक कैंडिडेट्स को एडमिशन मिलेगा.
आइए, जानते हैं कि NMC ने MBBS सीट मैट्रिक्स 2026 मे कुल कितनी सीटें जारी की हैं. जानेंगे कि क्या मेडिकल कॉलेज की संख्या भी इस बार बढ़ी है. इसके साथ ही जानेंगे कि कब नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी हाे सकता है. इसके साथ ही NMC की काउंसलिंग को लेकर तैयारियों के बारे भी बात करेंगे.
इस सेशन में MBBS की 1,36,939 सीटों में मिलेगा एडमिशन, 4 नए मेडिकल कॉलेज खुले
NMC ने MBBS सीट मैट्रिक्स 2026-27 जारी कर दिया है, जिसके तहत इस सेशन में MBBS की कुल 1,36,939 सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा, जबकि पिछले सेशन में MBBS की 1,28,875 सीटों पर एडमिशन के लिए काउंसलिंग आयोजित की गई है. पिछले सेशन से तुलना करें तो इस सेशन में MBBS की 8064 सीटें बढ़ गई हैं. वहीं इस सेशन से 4 नए मेडिकल कॉलेज भी शुरू हो रहे हैं, जिसके बाद देश में मेडिकल काॅलेजों की संख्या बढ़कर 823 हो गई है. पिछले सेशन में 819 मेडिकल कॉलेज थे.
दो साल में MBBS 19 हजार से अधिक सीटें बढ़ी
देश में MBBS की सीटों में लगातार विस्तार जारी है. इसी कड़ी में दो सालों में MBBS की 19 हजार से अधिक सीटें बढ़ी हैं. सेशन 2024-25 में MBBS की 1,17,750 सीटों पर एडमिशन के लिए काउंसलिंग आयाेजित की गई थी. तो वहीं NMC ने अक्टूबर 2025 में संशोधित सीट मैट्रिक्स में MBBS की 1,28,875 सीटों का मैट्रिक्स जारी किया था. तो वहीं इस साल MBBS की 1,36,939 सीटों का मैट्रिक्स जारी किया गया है.
20 जुलाई स पहले जारी हाेगा नीट यूजी 2026 रिजल्ट
NTA ने नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसी कड़ी में नीट री-एग्जाम में शामिल हुए कैंडिडेट्स की OMR शीट बीते दिनों जारी की गई थी, जिस पर आपत्ति के लिए 15 जुलाई का समय निर्धारित है. माना जा रहा है कि ये प्रोसेस पूरा होने के बाद एक से दो दिन में नीट यूजी 2026 की फाइनल आंसर-की जारी हो जाएगी. इसके अगले दिन ही रिजल्ट जारी होने की उम्मीद है. कुल जमा NTA की तैयारी 20 जुलाई से पहले नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी करने की है.
काउंसलिंग इस बार जल्द खत्म होगी
नीट यूजी 2026 पेपर लीक और री-एग्जाम के बीच NTA का पूरा शेड्यूल डेढ़ महीने पीछे चल रहा है. ऐसे में नया सेशन लेट हो सकता है. सेशन को जल्द से जल्द से शुरू करने के लिए MBBS एडमिशन के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया को कम समय में पूरा करने की कवायद है. इस संबंध में बीते दिनों शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ ही नेशनल मेडिकल कमीशन (NMS) और काउंसलिंग कमेटी के अधिकारियों की बैठक हुई है. इस बैठक में MBBS एडमिशन के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रोसेस को सरल बनाने पर चर्चा हुई है. जानकारी के मुताबिक बैठक में तय किया गया है कि नीट यूजी रिजल्ट जारी करते ही काउंसलिंग को शुरू कर दिया जाएगा, जिससे काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द खत्म की जा सके.











