दुर्ग में नाबालिग से अश्लील हरकत के आरोप में डॉक्टर गिरफ्तार, एडॉप्शन सेंटर की भी होगी जांच

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 10वीं कक्षा के एक छात्र से कथित अश्लील हरकत के आरोप में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आरोपी द्वारा संचालित एडॉप्शन सेंटर की जांच और उसका पंजीयन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 24 जुलाई की है। 10वीं कक्षा का छात्र अपने दोस्त का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बोरसी स्थित एक एडॉप्शन सेंटर पहुंचा था। आरोप है कि मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टर ने छात्र के साथ अनुचित व्यवहार किया। छात्र वहां से घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी डॉक्टर से पूछताछ की। जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आरोपी डॉक्टर आयुर्वेद चिकित्सा में स्नातक (बीएएमएस) है और अपनी पत्नी के साथ मिलकर बोरसी स्थित सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर का संचालन करता है। उसकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और संविदा पद पर कार्यरत हैं।

मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को एडॉप्शन सेंटर की कार्यप्रणाली की विस्तृत जांच करने तथा उसका पंजीयन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने बताया कि जांच केवल आरोपी तक सीमित नहीं रहेगी। एडॉप्शन सेंटर के संचालन, वहां अपनाई जा रही प्रक्रियाओं और सभी नियमों के पालन की भी गहन जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि इस एडॉप्शन सेंटर से अब तक 12 से अधिक बच्चों को देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में गोद दिया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों से जुड़े संस्थानों में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com