पान खरीदने को लेकर विवाद, निजी कंपनी के कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर में पान खरीदने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ युवकों ने एक निजी कंपनी के कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और गाल पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खमतराई थाना क्षेत्र के रामेश्वर नगर भनपुरी निवासी पवन शर्मा एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह दर्री तालाब के पास स्थित एक पान ठेले पर पान लेने पहुंचे थे। उसी समय वहां मौजूद कुछ युवक भी सामान खरीद रहे थे।
बताया गया कि पवन शर्मा ने जिस सामान की मांग की थी, उसे पहले ही युवकों ने ले लिया। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और विवाद बढ़ने पर उनमें से एक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में पवन शर्मा के सिर और बाएं गाल पर चोट लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पीड़ित ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में सोनू मानिकपुरी और पान ठेला संचालक राजेश का नाम पुलिस को बताया है। इलाज के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।











