बिहार में हड़ताल पर 42 हजार सफाई कर्मचारी:पुलिस की निगरानी में रात में उठ रहा कचरा; गली-मोहल्लों में फैला कूड़ा; बीमारियों का बढ़ा खतरा

बिहार में नगर निकायों में काम करने वाले सफाईकर्मियों और ड्राइवर्स की हड़ताल का आज तीसरा दिन है। इस हड़ताल में करीब 42 हजार सफाई कर्मचारी और ड्राईवर्स शामिल हैं।
हड़ताल की वजह से गली-मोहल्लों में कचरा पड़ा हुआ है। बदबू से लोगों का हाल बेहाल है। कचरा फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
पटना नगर निगम में 5 हजार कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। शहर का कचरा उठाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई है, लेकिन हड़ताल में शामिल कर्मचारी उन कर्मचारियों को कचरा उठाने से रोक रहे हैं।
निगम आयुक्त ने काम में बाधा डालने वालों पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं। पटना में कई जगहों पर पुलिस की मौजूदगी में कचरा उठाया जा रहा है। विरोध का सामना ना करना पड़े इसलिए रात में कचरा उठाया जा रहा है।
दरभंगा और समस्तीपुर में हड़ताली कर्मचारियों ने निगम कार्यालय के बाहर धरना दिया, सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
खबर से जुड़े हाईलाइट्स
- दरभंगा में 1500 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। शहर में कूड़ा फैला हुआ है।
- दरभंगा में रोज 10 टन कचरा उठता है। 3 दिनों से ये कचरा नहीं उठा है।
- पटना में 5 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
- कचरा उठाने वालों को कर्मचारियों की ओर से धमकियां दी जा रही हैं।
- नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील की है।
- पटना में रात 10 से सुबह 4 बजे तक कचरे का उठाव हो रहा है।
- नालंदा में 1300 सफाईकर्मी हड़ताल पर, निगम के मेन गेट पर धरना
रात में चला विशेष सफाई अभियान, पुलिस बल रहेगा तैनात
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि हर वार्ड में काम कर रहे सफाईकर्मियों के अतिरिक्त 15 से 20 सहयोगियों की टीम तैयार कर काम कराएं। उन्होंने काम में बाधा डालने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित अंचलों में लगातार निगरानी रखते हुए रात में विशेष सफाई अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की निगरानी में कचरे का उठाव किया जाएगा।
बायोमेट्रिक और मैनुअल अटेंडेंस जरूरी
सभी सफाई निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी निगरानी में सभी स्थायी, दैनिक और आउटसोर्सिंग एजेंसी के सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक और मैनुअल उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सफाई कर्मियों से काम पर लौटने की अपील
नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम ने सफाई कर्मियों के यूनियन की सभी मांगें, जो निगम के अधिकार क्षेत्र में थीं, पहले ही मान ली है। इसके अलावा बाकी मांगों को भी भेजा गया है। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल अपने काम पर लौटें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु बनी रहे।











