पहली मुलाकात में राजकुमार राव को ‘नीच आदमी’ समझ बैठी थीं पत्रलेखा, सालों बाद किया खुलासा

इंटरनेशनल गर्लफ्रेंड्स डे के मौके पर बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक राजकुमार राव और पत्रलेखा की लव स्टोरी का एक दिलचस्प किस्सा फिर चर्चा में है. एक समय ऐसा भी था जब पत्रलेखा ने पहली मुलाकात में राजकुमार राव को ‘नीच आदमी’ समझ लिया था. हालांकि, बाद में जब दोनों की बातचीत शुरू हुई तो यही गलतफहमी प्यार में बदल गई. इस बारे में खुद राजकुमार राव ने कपिल शर्मा शो में बताया था.
अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान ‘द कपिल शर्मा शो’ में पहुंचे राजकुमार राव से कपिल ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उन्हें रिश्तों और शादीशुदा जिंदगी पर आधारित फिल्में इत्तेफाक से मिलती हैं या फिर फिल्ममेकर्स को लगता है कि वो ऐसे किरदारों के लिए बिल्कुल फिट हैं. इस सवाल पर राजकुमार राव ने बताया कि उस समय उनकी शादी नहीं हुई थी, इसलिए शायद फिल्ममेकर्स चाहते थे कि वो पहले से ही शादीशुदा जिंदगी की मुश्किलों को समझ लें और आने वाले समय के लिए तैयार हो जाएं.
राजकुमार राव ने सुनाया किस्सा
एक पुरानी बातचीत के दौरान राजकुमार ने पत्रलेखा के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ देखने के बाद पत्रलेखा ने उन्हें बिल्कुल उनके ऑनस्क्रीन किरदार जैसा ही समझ लिया था. राजकुमार ने कहा, “उनको लगा था कि ये ऐसा ही नीच आदमी है, तो मुझसे बात नहीं कर रही थीं. हालांकि, जब हमारी बातचीत शुरू हुई तो पत्रलेखा को एहसास हुआ कि मैं जिंदगी में राजकुमार बिल्कुल अलग इंसान हूं. धीरे-धीरे हम एक-दूसरे के करीब आए और ये दोस्ती प्यार में बदल गई.”
राजकुमार राव वर्कफ्रंट
राजकुमार राव और पत्रलेखा ने करीब एक दशक तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद नवंबर 2021 में शादी की थी. इसके बाद 15 नवंबर 2025 को दोनों एक बेटी के माता-पिता बने और कपल ने अपनी लाडली का नाम पार्वती पॉल राव रखा. वर्क फ्रंट की बात करें तो राजकुमार राव हाल ही में फिल्म ‘मालिक’ में नजर आए थे. अब वो अपनी अगली फिल्म ‘प्रहार’ की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. ये एक बायोग्राफिकल कोर्टरूम ड्रामा है, जिसमें वो मशहूर पब्लिक प्रॉसीक्यूटर उज्ज्वल निकम का किरदार निभा रहे हैं.
इसके अलावा, राजकुमार राव जल्द ही ‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’ में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का किरदार भी निभाते नजर आएंगे. हाल ही में मेकर्स ने फिल्म से उनका पहला लुक भी जारी किया था.











