राम मंदिर की सुरक्षा होगी और मजबूत, 360 डिग्री कैमरों की निगरानी में रहेगी पूरा परिसर

यूपी में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले की जांच के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान की पूरी व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 25 जुलाई से नया निगरानी सिस्टम लागू कर दिया गया है. इसके तहत दान पेटी मंदिर से निकालने से लेकर उसमें मौजूद नकदी गिनने तक हर कदम की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है.
ट्रस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस काम के लिए 8 सदस्यीय टीम बनाई गई है. पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए 360 डिग्री कैमरे और एसएलआर कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे दान पेटी के मंदिर से निकलने से लेकर पैसे गिनने तक का पूरा रिकॉर्ड तैयार होगा.
ट्रस्ट ने दान पेटियां खोलने का तरीका भी बदल दिया है. पहले कई दान पेटियां एक साथ खोली जाती थीं, लेकिन अब अलग-अलग दिनों में पेटियां खोली जा रही हैं ताकि हर प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी हो सके.
संबंधित खबरें
हर बार दान पेटी खोलने के दौरान दो बैंक अधिकारी, ट्रस्ट के दो प्रतिनिधि और दो सुरक्षा कर्मी मौजूद रहते हैं. पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग के लिए दो पेशेवर वीडियोग्राफर भी लगाए गए हैं. पैसे गिनने के बाद भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारी काउंटिंग रूम में दान पेटी को दोबारा सील करते हैं.
ट्रस्ट का कहना है कि इस नई व्यवस्था से पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी. साथ ही ऑडिट करना आसान होगा और अगर कोई शिकायत आती है तो उसकी जांच भी जल्दी हो सकेगी.
चढ़ावा गबन मामले की जांच जारी
राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एसआईटी बनाकर जांच शुरू की थी. इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच अभी जारी है. जांच अधिकारी और सर्किल ऑफिसर आशुतोष तिवारी ने मुख्य आरोपी राम शंकर ‘टिन्नू’ यादव की पत्नी पूनम देवी के नाम पर दर्ज सौंदर्य कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स फर्म की जानकारी राज्य कर विभाग से मांगी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि इस फर्म का कथित चढ़ावा गबन मामले से कोई संबंध है या नहीं. विभाग ने रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है











