छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन भारी बारिश के आसार, 8 अगस्त के बाद कमजोर पड़ेगा मानसून

छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 8 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे अभी भी सामान्य श्रेणी में रखा गया है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर और दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

अब तक सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 5 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में औसतन 589.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 634.9 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है। विभाग का कहना है कि मानसून की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है, हालांकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के उफान जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों की बारिश खरीफ फसलों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com