जंगल में मवेशी काटने की सूचना पर पुलिस की दबिश, 8 आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगल में मवेशी काटे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। मामला कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पारेमेर डगभौना के जंगल का है। पुलिस ने मौके से मांस भी बरामद किया है। वहीं, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों ने जंगल में कुछ लोगों के मवेशी काटने की जानकारी पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन 8 लोगों को पकड़ लिया गया। सभी को पूछताछ के लिए कापू थाने लाया गया।

पूछताछ में सामने आई आरोपियों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन तिर्की (25), विजय टोप्पो (26), अमसाय तिर्की (48), जोहन टोप्पो (50), विपिन किशोर एक्का (33), निर्मल तिग्गा (60), छोटेया किंडो (65) और प्रकाश बखला (41) के रूप में हुई है। सभी ग्राम डगभौना के रहने वाले बताए गए हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मवेशी पहले से मरा हुआ था और उसे काटा जा रहा था। पुलिस इस दावे समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। मौके से बरामद मांस को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

फरार आरोपी की तलाश, केस दर्ज कर कार्रवाई जारी

धरमजयगढ़ एसडीओपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। आठ लोगों को पकड़कर थाने लाया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मवेशी की स्थिति क्या थी और घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com