छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला, जल्द कम हो जाएगी जजों की संख्या

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के चार न्यायाधीशों को अलग-अलग हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की है। इसके साथ ही ओडिशा हाईकोर्ट के दो जजों के तबादले की भी अनुशंसा की गई है। इनमें जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट करने की सिफारिश की गई है। यह फैसला 6 अगस्त को CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता में हुई कॉलेजियम की बैठक में लिया गया।
कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट, बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे को कलकत्ता हाईकोर्ट, इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाईकोर्ट और पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को उसी हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है।
ओडिशा हाईकोर्ट के दो जजों का तबादला
कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और जस्टिस मानस रंजन पाठक का तबादला गुजरात हाईकोर्ट करने की सिफारिश की है। जस्टिस मोहपात्रा के आने से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और निपटारे में मदद मिलने की उम्मीद है।
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई की है। 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराने के बाद उन्होंने सिविल, आपराधिक, संवैधानिक और सेवा संबंधी मामलों में करीब 26 वर्षों तक वकालत की।
उन्होंने ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी काम किया। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड समेत कई संस्थानों के मामलों में पैरवी की।
अगले दो महीने में तीन जज होंगे रिटायर
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब कॉलेजियम की सिफारिश के बाद उनके छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तबादले का रास्ता साफ हुआ है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अगले दो महीनों के दौरान चीफ जस्टिस समेत तीन जजों के सेवानिवृत्त होने की बात कही गई है। जस्टिस संजय एस. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल अगस्त में रिटायर होंगे, जबकि चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा सितंबर में सेवानिवृत्त होंगे। ऐसे में हाईकोर्ट में जजों की संख्या तीन कम हो जाएगी। वर्तमान में चीफ जस्टिस समेत 13 जज कार्यरत हैं।











