स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ में शराब बिक्री पर रोक, आज पूरे प्रदेश में ड्राई डे

15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस घोषित किया है। इसके तहत देसी, विदेशी और कंपोजिट मदिरा दुकानों में शराब की बिक्री नहीं की जाएगी। पर्यटन बार, मदिरा भंडारण भंडारागार और उनसे जुड़े अहातों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टरों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश
आबकारी आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर की ओर से सभी जिलों के कलेक्टरों को शुष्क दिवस के पालन के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। इसके लिए आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी निगरानी करेंगी।
15 अगस्त को प्रदेश की किसी भी अधिकृत शराब दुकान से मदिरा की बिक्री नहीं होगी। प्रशासन की ओर से अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध शराब बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई
शुष्क दिवस के दौरान यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचता या बिक्री से जुड़ी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन या आबकारी विभाग को जानकारी देने की अपील की है।
स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।











