बारिश ने खोली राजधानी की सड़कों की पोल, पैचवर्क भी हुआ बेकार; कई इलाकों में गड्ढे और बजरी से बढ़ा हादसों का खतरा

राजधानी में मामूली बारिश के बाद ही कई प्रमुख सड़कों की हालत खराब हो गई है। शहर से आउटर तक अलग-अलग मार्गों पर कहीं बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं तो कहीं सड़क की ऊपरी डामर की परत उखड़कर बजरी फैल गई है। बारिश से पहले कराए गए पैचवर्क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि कई जगह मरम्मत की परत बारिश के साथ ही उखड़ गई।

शारदा चौक-तात्यापारा रोड, नई धमतरी रोड स्थित फल मार्केट, दंतेश्वरी मंदिर के आसपास और रिंग रोड से गोगांव जाने वाले मार्ग पर सड़क खराब होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रिंग रोड नंबर-1 पर सर्विस रोड की ओर जाने वाले कई कट भी बदहाल हो गए हैं। सड़क पर बने गड्ढों और फैली बजरी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है।

कई प्रमुख मार्गों पर उखड़ी सड़क की परत

नई धमतरी रोड पर कई हिस्सों में सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है। अचानक खराब सड़क सामने आने पर वाहन चालकों को ब्रेक लगाना पड़ रहा है, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों से टक्कर का खतरा बना रहता है। शहर के कई हिस्सों में पैचवर्क भी उखड़ चुका है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भरने पर इनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

रिंग रोड से गोगांव जाने वाले मार्ग पर कई जगह डामर उखड़ने के बाद गड्ढे और बजरी बाहर आ गई है। दिन के समय वाहन चालक इनसे बचने की कोशिश कर लेते हैं, लेकिन रात में सड़क की खराब स्थिति दिखाई नहीं देने से जोखिम और बढ़ जाता है।

दोपहिया चालकों के लिए बढ़ा खतरा

दंतेश्वरी मंदिर के आसपास भी बारिश और वाहनों के दबाव से सड़क की सतह उखड़ गई है। यहां फैली बजरी दोपहिया वाहनों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। अचानक ब्रेक लगाने या गड्ढों से बचने के दौरान वाहन असंतुलित होने की आशंका रहती है।

सड़कों की स्थिति को देखते हुए लोगों ने खराब हिस्सों की जल्द मरम्मत और पैचवर्क की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। बारिश के दौरान सड़कें लगातार खराब होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com