आवारापन 2 की शानदार शुरुआत, पहले दिन ही 27 करोड़ से ज्यादा की कमाई; सनी देओल की फिल्म को पछाड़ा

इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में करीब 27.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म ने रिलीज के साथ ही सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ को पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन करीब 21 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 25.20 करोड़ रुपये रहा। विदेशों में फिल्म ने करीब 2 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह पहले दिन फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 27.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ट्रेड एक्सपर्ट्स ने पहले दिन 10 से 15 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया था, लेकिन फिल्म ने इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन किया। पहले दिन फिल्म के करीब 9 हजार से ज्यादा शो बुक हुए थे।
पहली फिल्म के मुकाबले कई गुना बेहतर शुरुआत
इमरान हाशमी की 2007 में आई ‘आवारापन’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 12.18 करोड़ रुपये रहा था। वहीं उसका पहले वीकेंड का कलेक्शन लगभग 2.88 करोड़ रुपये था। इसके मुकाबले ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के पहले ही दिन इससे कहीं ज्यादा कमाई कर ली है।
पहले दिन 21 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। ‘दबंग 2’ ने करीब 21 करोड़, ‘कबीर सिंह’ ने 20.21 करोड़, ‘आरआरआर’ ने 20.07 करोड़ और ‘डंकी’ ने करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
सनी देओल की फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर आगे निकली
15 अगस्त के मौके पर रिलीज फिल्मों के बीच मुकाबले में ‘आवारापन 2’ ने शुरुआती आंकड़ों में बढ़त बना ली है। सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ ने पहले दिन दुनियाभर में करीब 8.34 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई लगभग 5 करोड़ रुपये रही।
इस तरह पहले दिन की कमाई के मामले में ‘आवारापन 2’ ने ‘बंटवारा 1947’ को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया। अब फिल्म की असली परीक्षा वीकेंड पर होगी, जहां दर्शकों की प्रतिक्रिया और सिनेमाघरों में ऑक्यूपेंसी इसके आगे के कारोबार की दिशा तय करेगी।











