स्कूल में तालाबंदी के बाद सड़क पर उतरे छात्र, शौचालय तोड़े जाने के विरोध में चक्काजाम

जिले के पारागांव में स्कूल परिसर में महिला शौचालय तोड़े जाने के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज छात्रों ने पहले स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और इसके बाद सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में मौजूद महिला शौचालय को तोड़कर वहां उपस्वास्थ्य केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है। इसी को लेकर छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल में जरूरी सुविधा को हटाने से विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विरोध के दौरान छात्रों ने स्कूल के गेट पर तालाबंदी की और बड़ी संख्या में सड़क पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इससे इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने ग्राम सरपंच के खिलाफ भी नाराजगी जताई और स्कूल परिसर में निर्माण के लिए दूसरी जगह तय करने की मांग की।
फिलहाल छात्रों का विरोध जारी है। अब प्रशासन के सामने छात्रों की मांगों का समाधान करने और स्कूल परिसर में प्रस्तावित उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है।











