CG में लिव-इन पार्टनर की संदिग्ध मौत : गर्लफ्रेंड ने भी काटा गला, 10 साल से साथ रह रहा था कपल

अंबिकापुर, 26 अगस्त 2026। शहर के सुभाष नगर इलाके में बुधवार को लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद उसके साथ रह रही प्रेमिका ने भी गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहन पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में रह रहा था। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर युवक गंभीर रूप से घायल मिला था, जिसकी बाद में मौत हो गई। वहीं, प्रेमिका ने भी अपना गला काट लिया। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी ने पहले खुद अपना गला काटा था। उसे खून से लथपथ देखकर उसने भी अपना गला काट लिया।

प्रारंभिक जानकारी में रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर युवक का शव खून से लथपथ मिला, जबकि दीवार पर भी खून के निशान पाए गए। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल प्रेमिका का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close