युवा कांग्रेस चुनाव में बदला समीकरण, विकास सिंह को देवेंद्र यादव खेमे का समर्थन

बिलासपुर में युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में वोटिंग शुरू होते ही कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में नया समीकरण सामने आया है। अब तक विधायक अटल श्रीवास्तव के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे विकास सिंह को देवेंद्र यादव खेमे का समर्थन मिल गया है। सोमवार को हुई देवेंद्र समर्थकों की बैठक में हरीश कलशा ने विकास सिंह के समर्थन का ऐलान किया। इसके साथ ही कलशा को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति बनने की चर्चा है।
इस घटनाक्रम के बाद युवा कांग्रेस चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। चुनाव को संगठन के पदों के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर अलग-अलग खेमों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के तौर पर भी देखा जा रहा है। वोटिंग शुरू होने के बाद एक प्रमुख दावेदार का खेमा बदलना चुनावी समीकरण में अहम बदलाव माना जा रहा है।
विकास सिंह और सोहेल खलिक के बीच थी दावेदारी
विकास सिंह और सोहेल खलिक को अब तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे का समर्थक माना जाता रहा है। युवा कांग्रेस चुनाव में दोनों में से किसी एक को प्रमुख पद पर उतारने को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा थी। बताया जा रहा है कि विधायक अटल श्रीवास्तव ने विकास सिंह के नाम पर सहमति जताई थी, जबकि पूर्व विधायक शैलेष पांडेय सोहेल खलिक को उम्मीदवार बनाने के पक्ष में थे। सोहेल के समर्थन में मुस्लिम प्रतिनिधित्व का समीकरण भी सामने रखा गया था।
विधानसभा अध्यक्ष पद की कोशिश नहीं हुई सफल
दो दिन पहले विकास सिंह को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ाने को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, चुनावी प्रक्रिया और समय कम होने के कारण यह प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदला और देवेंद्र यादव खेमे ने विकास सिंह को अपने साथ जोड़ लिया।
बैठक में विकास के समर्थन का ऐलान
सोमवार को देवेंद्र यादव समर्थकों की बैठक में चुनावी रणनीति और विभिन्न पदों के दावेदारों को लेकर चर्चा हुई। इसी दौरान हरीश कलशा ने विकास सिंह के समर्थन की घोषणा की। वहीं, विकास सिंह के समर्थन के बदले हरीश कलशा को उपाध्यक्ष पद दिए जाने पर सहमति बनने की चर्चा है। हालांकि, अंतिम स्थिति चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
विकास सिंह के देवेंद्र यादव खेमे के साथ आने को बघेल खेमे के लिए झटका माना जा रहा है। खासतौर पर ऐसे समय में जब ऑनलाइन वोटिंग शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार कार्यकर्ताओं से समर्थन जुटाने में लगे हैं।
ग्रामीण अध्यक्ष पद पर भी सीधा मुकाबला
युवा कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष पद के लिए तखतपुर विधानसभा अध्यक्ष अनिल कौशिक और बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव आमने-सामने हैं। अनिल कौशिक को बघेल खेमे का समर्थन माना जा रहा है। वे तखतपुर विधानसभा अध्यक्ष होने के साथ दो बार सरपंच भी रह चुके हैं। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव समेत कई नेताओं का समर्थन उनके साथ बताया जा रहा है।
वहीं, अजय यादव को देवेंद्र यादव खेमे का उम्मीदवार माना जा रहा है। बेलतरा विधानसभा और शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बीच उनका नेटवर्क बताया जाता है। शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा का समर्थन भी अजय यादव को मिलने की चर्चा है।
प्रदेश महासचिव पद पर भी खेमों की टक्कर
प्रदेश महासचिव पद के लिए अर्पित केशरवानी, लकी मिश्रा, प्रवीण सिंह और युवराज तिवारी समेत कई दावेदार मैदान में हैं। युवराज तिवारी को बघेल खेमे और लकी मिश्रा को देवेंद्र यादव खेमे का समर्थक माना जा रहा है।
शहर जिलाध्यक्ष पद के लिए सोहेल खलिक प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। उन्हें पूर्व विधायक शैलेष पांडेय का समर्थन मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, शहर अध्यक्ष पद के लिए तरुण यादव समेत अन्य दावेदार भी चुनाव मैदान में हैं।
ऑनलाइन वोटिंग शुरू, नतीजों पर नजर
रविवार से ऑनलाइन वोटिंग शुरू होने के बाद चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी दावेदार अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय हैं। ऐसे में विकास सिंह के समर्थन को लेकर बदला समीकरण चुनाव में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर चुनाव परिणाम पर टिकी है।











