छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, 21 जिलों में चेतावनी; 2 सितंबर से बारिश की रफ्तार घटने के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में यलो अलर्ट है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।

सरगुजा और रायपुर संभाग में तेज बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर के चांदो में 290 मिमी, एमसीबी के कोटाडोल में 168 मिमी, शंकरगढ़ में 120 मिमी और रायपुर शहर में 131 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

लगातार बारिश के कारण एमसीबी जिले के कोटाडोल में खिरकी नाला की पुलिया टूट गई। इससे कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है।

मानसून सीजन का कोटा पूरा होने के करीब

प्रदेश में 1 जून से 31 अगस्त तक 917.1 मिमी बारिश हो चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 933.2 मिमी है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से सिर्फ 16.1 मिमी यानी करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

पूरे मानसून सीजन जून से सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसतन 1132.3 मिमी बारिश होती है। इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए सितंबर में करीब 215.3 मिमी बारिश की जरूरत है।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश

रायपुर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

सितंबर में देशभर में कम बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में देशभर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। बारिश दीर्घकालिक औसत के 91 प्रतिशत से कम रह सकती है। सितंबर में देश में सामान्य बारिश 167.9 मिमी मानी जाती है।

इसके साथ ही सितंबर में दिन का औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। अगस्त 2026 में देश का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद अगस्त महीने में सबसे अधिक बताया गया है। अगस्त में रात का औसत तापमान भी 24.36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close