सास ने जान देने से पहले बहनों को भेजा वीडियो, बहू पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरबा में 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले महिला ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा। वीडियो में उसने कहा कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती। इसके अलावा कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा संदेश भी मिला है, जिसमें उसने अपनी बहू को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

पारिवारिक विवाद के बीच उठाया कदम

मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। वह लक्ष्मणबंध क्षेत्र में रहती थी, जबकि उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में है। बताया गया कि घर में कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था।

परिवार के मुताबिक, घटना से पहले भी घर में पति, बहू और बेटे के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद महिला काफी परेशान थी। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह प्रताड़ना की बात कहते हुए आत्महत्या करने की बात करती नजर आ रही है।

पहले पति की मौत के बाद की थी दूसरी शादी

परिवार के अनुसार, कोरोना काल के दौरान लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद उसने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं और उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं।

लक्ष्मी के बड़े बेटे संजय दास की शादी पूर्णिमा महंत से हुई थी। दोनों का करीब तीन साल का बेटा भी है। परिवार में रिश्तों को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

बहनों को भेजा वीडियो

बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को लक्ष्मी ने फांसी लगाने से पहले मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया और अपनी बहनों को भेज दिया। वीडियो में वह भावुक नजर आ रही थी। परिजनों का कहना है कि घरेलू विवाद के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।

दीवार पर लिखा मिला संदेश

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच की तो दीवार पर हाथ से लिखा संदेश मिला। इसमें पूर्णिमा और उसके मायके वालों को अपनी मौत का कारण बताया गया है। साथ ही महिला ने लिखा कि उसके पति का इसमें कोई हाथ नहीं है और वह अपने बच्चों को पति के भरोसे छोड़कर जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। दीवार पर लिखे संदेश की पुष्टि के लिए पुलिस हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद लेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close