बस्तर में 56 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; कीमत 28 लाख रुपए से ज्यादा

बस्तर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 56 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 28 लाख 7 हजार रुपए बताई गई है। एक आरोपी ओडिशा से स्कूटी के जरिए गांजा लेकर जगदलपुर पहुंच रहा था, जबकि दूसरे ने गांजे को घर के आंगन में जमीन के अंदर और घर के भीतर छिपाकर रखा था।
स्कूटी से गांजा लेकर आ रहा था आरोपी
पहली कार्रवाई 30 अगस्त को बोधघाट थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से ओडिशा से नानगुर होते हुए आड़ावाल रेलवे फाटक की ओर गांजा लेकर आ रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे फाटक के पास जांच शुरू की।
संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी लेने पर सफेद बोरी से 14.144 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान लखमू नाग (33) निवासी कावापाल नाका पारा, थाना नानगुर के रूप में हुई। पुलिस ने गांजे के साथ स्कूटी, मोबाइल फोन और 500 रुपए नकद भी जब्त किए। बरामद गांजे की कीमत करीब 7 लाख 7 हजार 200 रुपए बताई गई है।
घर के आंगन में जमीन के अंदर छिपाया था गांजा
दूसरी कार्रवाई 31 अगस्त को करपावंड थाना क्षेत्र के छतौड़ी गांव में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि लालू प्रसाद बघेल (25) ने अपने घर में बिक्री के लिए गांजा छिपाकर रखा है। तलाशी के दौरान पुलिस को घर के आंगन की बाड़ी में गड्ढा खोदकर जमीन के अंदर दबाया गया प्लास्टिक ड्रम मिला।
ड्रम के अलावा घर के अंदर रखी सफेद बोरी से भी गांजा बरामद किया गया। दोनों स्थानों से करीब 42 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 21 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और 1200 रुपए नकद भी बरामद किए।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।











