कांग्रेस की नई रणनीति, 10 युवा वकीलों को सांसदों के साथ काम करने का मौका

कांग्रेस ने युवा वर्ग के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अब युवा वकीलों को जोड़ने की पहल शुरू की है। पार्टी की लीगल सेल की ओर से Gen Z वकीलों के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इसके तहत 10 युवा वकीलों को इंटर्नशिप के लिए चुना गया है, जिन्हें पार्टी के 10 सांसदों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा।
युवा वकीलों को पार्टी से जोड़ने की पहल
इस पहल की अगुवाई कांग्रेस के लीगल विभाग से जुड़े अभिषेक मनु सिंघवी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा की। चुने गए युवा वकील फिलहाल कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं। वे सांसदों को कानूनी मामलों में सहयोग देंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यदि ये युवा भविष्य में कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से सहमत होते हैं तो उन्हें पार्टी से जुड़ने का अवसर दिया जा सकता है। आने वाले समय में इस व्यवस्था को अन्य सांसदों तक भी बढ़ाने की योजना है।
राहुल गांधी से हुई लंबी चर्चा
बताया जा रहा है कि अभिषेक मनु सिंघवी ने राहुल गांधी से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए करीब 15 से 20 मिनट का समय मांगा था। हालांकि बैठक के दौरान चर्चा लंबी चली और करीब सवा घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान युवा वकीलों की भूमिका और उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों से जोड़ने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
युवाओं से राजनीति में आने को लेकर राहुल की अपील
राहुल गांधी ने युवा वकीलों से कहा कि राजनीति का उद्देश्य गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और पीड़ित लोगों की मदद करना होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से तत्काल किसी राजनीतिक दल की सदस्यता लेने के बजाय पहले सामाजिक मुद्दों पर काम करने की बात कही।
उन्होंने युवा वकीलों से जरूरतमंद और गरीब लोगों के लिए अपनी वकालत का कुछ समय देने की अपील भी की। इस पहल के जरिए कांग्रेस युवा वकीलों को कानूनी काम के साथ सामाजिक मुद्दों से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है।











