इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद नाबालिग को घर से ले गया युवक, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप

रायगढ़ में 17 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर घर से भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दिलेश्वर चौहान के रूप में हुई है। नाबालिग से उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। आरोप है कि युवक उसे रायगढ़ से बिहार, ओडिशा और फिर सारंगढ़ ले गया, जहां वह उसके साथ रही।

25 जनवरी को घर से निकली थी नाबालिग

नाबालिग के पिता ने 17 मार्च 2025 को चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 25 जनवरी को दोपहर में घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी आरोपी से दोस्ती

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग की पहचान दिलेश्वर चौहान से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच कई महीनों तक मैसेज के जरिए बातचीत होती रही। पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी को आरोपी ने नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया था। वह केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड पहुंची, जहां आरोपी मिला। इसके बाद शादी करने की बात कहकर वह उसे अपने साथ ले गया।

बिहार में कई महीने साथ रहने का दावा

पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी उसे बस से बिहार के गया ले गया था। वहां उसके माता-पिता ईंट भट्ठे में काम करते थे। नाबालिग के अनुसार, दोनों करीब 6-7 महीने तक बिहार में रहे। इसके बाद आरोपी मजदूरी के लिए ओडिशा चला गया और नाबालिग भी उसके साथ रहने लगी। बाद में दोनों सारंगढ़ क्षेत्र स्थित आरोपी के गांव में आकर रहने लगे।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने तलाश कर नाबालिग को सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र से बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close