SLRM सेंटर में अधिकारियों-कर्मचारियों की पार्टी का VIDEO वायरल, ‘डिस्को डांसर’ पर झूमते दिखे स्वास्थ्य अधिकारी; निगम ने जारी किया नोटिस

भिलाई के जोन-4 खुर्सीपार स्थित SLRM सेंटर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जोन-4 के प्रभारी जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी और विभाग के कुछ कर्मचारी पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर शराब रखे होने और अन्य गतिविधियां होने की बात सामने आई है। इसी दौरान अधिकारी और कर्मचारी ‘आई एम ए डिस्को डांसर’ गाने पर डांस करते भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब मांगा है।
SLRM सेंटर में पार्टी का VIDEO सामने आया
SLRM सेंटर शहर से निकलने वाले ठोस और तरल कचरे के प्रबंधन तथा उसके पृथक्करण से जुड़े काम के लिए बनाए गए हैं। यहां निगम के कर्मचारी और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी काम करते हैं। वायरल वीडियो में अधिकारी और कर्मचारी सेंटर परिसर में बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पार्टी किए जाने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो में शराब होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, मामले में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
वीडियो वायरल होने के बाद निगम ने मांगा जवाब
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में सेंटर परिसर में इस तरह की गतिविधियां आयोजित किए जाने और इसकी अनुमति को लेकर जवाब मांगा गया है।
अब संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
पहले भी ड्यूटी के दौरान VIDEO बनाने पर हुई कार्रवाई
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों के वीडियो और रील से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेने के दौरान तीन महिला टेक्नीशियनों का रील बनाने का वीडियो सामने आया था।
वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित एजेंसी ने तीनों महिला कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया था।











