महाराष्ट्र: गणेशोत्सव से पहले बढ़ी चिंता! पिंपरी-चिंचवड़ में स्वाइन फ्लू के 37 मामले

गणेशोत्सव से पहले पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. शहर में इस साल अब तक 37 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है. इनमें जनवरी में एक, जुलाई में पांच और अगस्त में सबसे ज्यादा 31 मरीज सामने आए हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि संक्रमित सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है.

महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है. अगर पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022 में स्वाइन फ्लू के कुल 58 मामले सामने आए थे. इनमें अगस्त महीने में ही 34 मरीज संक्रमित मिले थे. इसके बाद 2024 में 15 मामलों की पुष्टि हुई थी. ऐसे में मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है.

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को दी ये सलाह

गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकलते हैं और सार्वजनिक जगहों पर भीड़ जुटती है. ऐसे में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, जरूरत पड़ने पर मास्क पहनने और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है. साथ ही सर्दी, खांसी या बुखार नजर आने पर लापरवाही न बरतें.

स्वाइन फ्लू के लक्षण और इलाज

महानगरपालिका के अस्पताल में डॉक्टरों से जांच करवाकर उनकी सलाह के मुताबिक ही ही दवाइयां लें. स्वाइन फ्लू, जिसे स्वाइन इन्फ्लुएंजा भी कहा जाता है. स्वाइन फ्लू वायरस मनुष्यों में मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के छींकने या खांसने से फैलता है. स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में सर्दी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ शामिल हैं.

गले में खराश, लगातार खांसी, नाक बहना, आंखों से पानी आना, सिरदर्द, दस्त और अत्यधिक थकान जैसे अन्य लक्षण भी हो सकते हैं. इसके लक्षणों से पीड़ित व्यक्ति को खुद को अलग-थलग कर लेना चाहिए और तुरंत नजदीकी डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. घर पर स्वयं दवा लेने से बचना चाहिए.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close