3 साल तक नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर खुला मामला; फरार आरोपी गिरफ्तार

एक नाबालिग से करीब तीन साल तक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में जांच कराने पर उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।
27 अगस्त को पत्थलगांव थाना क्षेत्र से केस डायरी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी दिनेश एक्का के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध दर्ज किया।
अस्पताल में जांच के दौरान सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने बताया कि 24 अगस्त को उनकी बेटी ने पेट में दर्द होने की शिकायत की थी। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की जानकारी दी। बेहतर इलाज के लिए उसे अंबिकापुर रेफर किया गया।
जांच के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी दिनेश एक्का (20), टिहलीसराई क्षेत्र का निवासी है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से गांव में स्थित उसके मामा के घर आता-जाता था। इसी दौरान आरोपी ने प्रेम संबंध का हवाला देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी वजह से वह गर्भवती हुई।
गांव पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया था। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी कापू थाना क्षेत्र स्थित पीड़िता के गांव में आया हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और दिनेश एक्का को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











