मामूली विवाद में युवक पर डंडे से हमला, सिर पर वार कर किया लहूलुहान; आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

एक मामूली विवाद के बाद एक युवक पर डंडे से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक को डंडे से पीटता नजर आ रहा है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, तेलीपारा दरबार लॉज के पास लोधी गली निवासी पारस कौशिक पर कोरेक्स और नाइट्रा जैसी नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल होने के आरोप हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह अक्सर नशे की हालत में रहता है और मोहल्ले में लोगों को डराता-धमकाता है। उसके व्यवहार से आसपास के लोग परेशान बताए जा रहे हैं।
बाइक से छोड़ने से इनकार करने पर विवाद
बुधवार को पारस दरबार लॉज के पास डंडा लेकर घूम रहा था। इसी दौरान गली नंबर-2 निवासी बाबू श्रीवास वहां मौजूद था। पारस ने बाबू से उसे बाइक से छोड़ने के लिए कहा। बाबू ने बाइक में पेट्रोल नहीं होने की बात कहते हुए उसे ले जाने से मना कर दिया।
बताया गया कि इसी बात से नाराज होकर पारस ने हाथ में रखे डंडे से बाबू के सिर पर हमला कर दिया। डंडे की चोट लगने से बाबू घायल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हमले का वीडियो सामने आया
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने हमले का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। वीडियो में आरोपी युवक डंडे से बाबू पर हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मामले में आरोपी पारस कौशिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।











