सट्टा नेटवर्क के फरार आरोपी का बर्थडे पार्टी VIDEO वायरल, 3 महीने से पुलिस कर रही तलाश; 14 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपी सागर आडवानी का बर्थडे पार्टी मनाते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज करने की बात कही है। सागर आडवानी उस सट्टा सिंडिकेट से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसका पुलिस ने मई 2026 में खुलासा किया था।

पुलिस ने इस मामले में सिंडिकेट के मास्टरमाइंड नमन जग्गी समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान 12 अन्य लोगों के नाम सामने आए थे, जो अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें सागर आडवानी भी शामिल है।

मई में हुआ था सट्टा नेटवर्क का खुलासा

5 मई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि 36 मॉल के पास एक कार में बैठकर नमन जग्गी IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल की जांच में ऑनलाइन बैटिंग साइट के जरिए सट्टा संचालित करने की जानकारी सामने आई।

जांच आगे बढ़ने पर राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी के नाम भी सामने आए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

12 आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार, सट्टा सिंडिकेट से जुड़े मोहसीन खान, गोलू, बीबी एनजीपी, सागर आडवानी, गोलू अलमास, चंदन, अंकित, सौरभ जैन, बाबू गावली, जयेश भैया, अमित और राज गुप्ता फरार हैं। पुलिस पिछले तीन महीने से इनकी तलाश कर रही है।

फरार आरोपियों में शामिल सागर आडवानी का पार्टी करते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में वह बर्थडे सेलिब्रेशन करता दिखाई दे रहा है।

पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि सट्टा सिंडिकेट मामले में जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक समेत मामले से जुड़े सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close