ऑनलाइन अटेंडेंस पर शिक्षिका का विरोध, बोलीं- अधिकारियों के काम की भी हो निगरानी; शिक्षा विभाग ने जारी किया नोटिस

जांजगीर-चांपा में ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नवागढ़ विकासखंड के हाई स्कूल में पदस्थ शिक्षिका निर्मला कोमल ने वीडियो में ऑनलाइन उपस्थिति और शिक्षकों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षकों की ऐप के जरिए उपस्थिति और कामकाज की निगरानी की जा रही है, तो कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारियों के कामकाज का हिसाब भी ऑनलाइन होना चाहिए।

शिक्षिका ने सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षकों की निगरानी के बजाय सरकार को दूसरे विभागों की व्यवस्थाओं में सुधार पर ध्यान देना चाहिए। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

स्कूल पहुंचकर बनाया वीडियो

वायरल वीडियो में निर्मला कोमल ने बताया कि वह 29 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंची थीं और ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया।

उन्होंने कहा कि समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में शिक्षकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका दावा है कि इस प्रक्रिया के कारण कई बार शिक्षक जल्दबाजी में निकलते हैं और हादसों का खतरा भी बना रहता है।

अधिकारियों के कामकाज पर भी उठाए सवाल

शिक्षिका ने वीडियो में सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों की उपस्थिति और कामकाज की निगरानी की जा रही है, तो अधिकारियों के कार्यक्रम और कामकाज की जानकारी भी सार्वजनिक होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और सरकार को केवल शिक्षकों पर निगरानी रखने के बजाय अन्य विभागों की व्यवस्थाओं को सुधारने पर भी ध्यान देना चाहिए।

जांच के बाद कार्रवाई की बात

वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षिका को इस मामले में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। विभाग अब वायरल वीडियो और शिक्षिका के बयान की जांच कर रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close