छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, 24 जिलों में अलर्ट; अंबिकापुर में घरों में घुसा पानी, बलरामपुर में स्कूल बंद

उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में बीते 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। पोंडी बचरा में सबसे अधिक 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अंबिकापुर में जलभराव के कारण घरों और दुकानों में पानी घुस गया।
बलरामपुर और कोरिया में स्कूल बंद
भारी बारिश और जलभराव की आशंका को देखते हुए बलरामपुर जिले में सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया। कोरिया में भी बारिश तेज होने के बाद स्कूलों में समय से पहले छुट्टी कर दी गई और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया।
अंबिकापुर और मनेन्द्रगढ़ में जलभराव
अंबिकापुर की कुंडला वसुंधरा कॉलोनी में लगातार बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया। मनेन्द्रगढ़ की वीआईपी कॉलोनी में भी सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।
भरतपुर क्षेत्र में मिट्टी के कटाव के कारण मनेन्द्रगढ़-जनकपुर मुख्य मार्ग पर विशाल पीपल का पेड़ गिर गया। सुरक्षा के चलते दोनों तरफ से आवाजाही रोक दी गई और संबंधित विभागों की टीम पेड़ हटाने में जुटी रही।
गंगरेल बांध के दो गेट खोले
लगातार बारिश के बीच गंगरेल बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। बांध से 4 हजार क्यूसेक से अधिक पानी रुद्री बैराज की ओर भेजा गया है। प्रशासन ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है।
पोंडी बचरा में 14 सेमी बारिश
2 सितंबर को पोंडी बचरा में 14 सेमी, कुसमी में 8 सेमी और दौरा कोचली में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी बारिश हुई। जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
24 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 3 सितंबर को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बारिश सामान्य से सिर्फ 2% कम
प्रदेश में मानसून के दौरान अब तक बारिश सामान्य के करीब रही है। बारिश सामान्य से केवल 2% कम दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में भी कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में बुधवार शाम से बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रदेश में 2 सितंबर को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।











