सोशल मीडिया फोटो के विवाद में दोस्त की हत्या, पखवाड़े बाद इलाज के दौरान मौत

सोशल मीडिया पर शराब पीते हुए फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की जान चली गई। आरोप है कि नशे की हालत में उसके दोस्त ने डंडे से हमला करने के बाद लात-घूंसों से भी जमकर मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने करीब 15 दिन तक इलाज के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया।

महुआ शराब पीते समय खींची गई फोटो

घटना 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। 64 वर्षीय प्रसाद सिंह नेटी घर पर अकेले थे। इसी दौरान उनके दोस्त हीरासिंह नेटी और समारू उर्फ बबलू नेटी वहां पहुंचे। तीनों घर की दहलीज पर बैठकर मछली के साथ महुआ शराब पी रहे थे।

इसी दौरान गांव का युवक राहुल नेटी वहां से गुजरा। उसने तीनों को शराब पीते देखकर मोबाइल से उनकी फोटो खींच ली। राहुल ने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही और वहां से चला गया।

फोटो खिंचवाने का आरोप लगाकर किया हमला

राहुल के जाने के बाद समारू ने प्रसाद पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही राहुल को बुलाकर फोटो खिंचवाई है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। गाली-गलौज के बाद समारू ने घर में रखे डंडे से प्रसाद पर हमला कर दिया।

आरोप है कि समारू ने डंडा टूटने तक प्रसाद को पीटा। इसके बाद जमीन पर पटककर लात-घूंसों से भी मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे हीरासिंह के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया

मारपीट के बाद हीरासिंह वहां से भागकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी देने पहुंचा। प्रसाद घायल हालत में पूरी रात घर में पड़े रहे। सुबह ग्रामीणों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

करीब पखवाड़े भर तक इलाज चलने के बाद प्रसाद की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close