अखिलेश का नया सियासी स्टाइल! छात्रसभा के कार्यकर्ताओं के लिए लॉन्च हुई नई ड्रेस

समाजवादी पार्टी की फ्रंटल विंग समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारी अब नई ड्रेस में नजर आएंगे. मंगलवार(8 सितंबर 2026) को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छात्रसभा के पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए नई नीली ड्रेस लॉन्च की. पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट, नीली जींस और लाल टोपी पहने दिखाई दिए. यही पोशाक अब छात्रसभा की आधिकारिक ड्रेस होगी.

नीले रंग को अखिलेश ने बताया युवाओं की पहचान

नई ड्रेस लॉन्च करते हुए अखिलेश यादव ने नीले रंग को युवाओं और नई पीढ़ी से जोड़कर बताया. उन्होंने कहा कि नीला रंग बहुजन समाज और अन्याय के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक है. उनके मुताबिक, नीला रंग पार्टी की विचारधारा से भी जुड़ा हुआ है.

दो सप्ताह चलेगा छात्र जागरूकता अभियान

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद बढ़ाने की तैयारी कर रही है. इसके तहत दो सप्ताह का छात्र जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा. अभियान के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्टल में जाकर छात्रों से बातचीत करेंगे.

छात्रों की समस्याएं जानने पर जोर

सपा प्रमुख ने कहा कि अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, उनकी जरूरतों और विचारों को समझना है. पार्टी की कोशिश युवाओं के बीच संगठन की पहुंच मजबूत करने और उन्हें राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों से जोड़ने की होगी.

बीजेपी पर भी साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के लोग रंगों से डरते हैं, भगवान से नहीं. उन्होंने सुलतानपुर में जन्माष्टमी आयोजन को लेकर भी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पूजा-अर्चना में बाधा डालने की कोशिश की. उन्होंने इसे आस्था पर प्रहार बताते हुए आपत्ति जताई. नई ड्रेस और छात्र जागरूकता अभियान को समाजवादी पार्टी की युवा वोटरों और छात्र राजनीति के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close