स्मार्ट मीटर और महंगे बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का अभियान, घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से लिए जाएंगे आवेदन

स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता शहर से लेकर गांव तक वार्ड और मोहल्लों में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे। बिलासपुर में जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण की बैठक में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के संबंध में फार्म भरवाने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने को कहा। कांग्रेस 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा करने की मांग और महंगे बिजली बिल के विरोध को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी में है।

स्मार्ट मीटर से बिल बढ़ने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है। पार्टी का कहना है कि उपभोक्ताओं से मिले शिकायत फॉर्म को सरकार के सामने रखा जाएगा और स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की जाएगी।

पुराने मीटर और हाफ बिल योजना की मांग

कांग्रेस ने पुराने बिजली मीटर दोबारा लगाए जाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा करने की योजना फिर से लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग भी उठाई गई है। जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान के जरिए उपभोक्ताओं की समस्याएं एकत्र कर उन्हें सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

मांग पूरी नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में पर्याप्त बिजली उपलब्ध होने के बावजूद लोगों को महंगे बिजली बिल का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर वार्ड और पंचायत में जाकर लोगों से आवेदन ले रहे हैं और अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास के घेराव की भी चेतावनी दी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close