हरिद्वार में AI से बनाया महिला का आपत्तिजनक VIDEO:राजस्थान से आई थी स्नान करने; खुद वीडियो डाला था सोशल मीडिया पर

हरिद्वार में राजस्थान की महिला ने AI की मदद से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में पुलिस से शिकायत की है। महिला ने पुलिस से सभी प्लेटफॉर्म से उसका वीडियो डिलीट करने की मांग की है। महिला ने वीडियो जारी कर खुद इसकी जानकारी दी है।
सोनम यादव राजस्थान के भिवाड़ी से परिवार के साथ स्नान करने आई थीं। पहले सोनम यादव ने अपना सही वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला था। इसके बाद कुछ शरारती तत्वों ने महिला का वीडियो बनाया और AI की मदद से उसे आपत्तिजनक बनाकर वायरल कर दिया।
महिला ने राजस्थान पुलिस से मामले में जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
सिलसिलेवार ढंग से खबर…
1. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल- हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें एक महिला को हरिद्वार की हरकी पैड़ी में बेहद कम कपड़ों में गंगा स्नान करते दिखाया गया। इसके बाद एक दूसरा वीडियो भी सामने आया, जिसमें वही महिला पारंपरिक और शालीन सलवार-सूट में स्नान करती नजर आ रही है।
दोनों वीडियो में आसपास के लोगों की गतिविधियां और घटनाक्रम बिल्कुल एक जैसा है, केवल महिला के कपड़े अलग हैं। इससे यह आशंका जताई गई कि मूल (शालीन) वीडियो को AI या डिजिटल एडिटिंग के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया गया।
2. पीड़िता जारी कर दी सफाई और की पुलिस शिकायत- राजस्थान के भिवाड़ी निवासी सोनम यादव ने एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वायरल हो रहा आपत्तिजनक वीडियो फर्जी और AI जनरेटेड है। उन्होंने भिवाड़ी के साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पत्र जारी कर सभी फर्जी वीडियो तुरंत डिलीट करने की मांग की है।
सोनम यादव ने कहा कि बिना सच्चाई जाने जो लोग रिएक्शन वीडियो बना रहे हैं या फेक वीडियो शेयर कर रहे हैं, उन सभी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी पुलिस को दी जा रही है। उन्होंने अपील की कि किसी धार्मिक स्थल की मर्यादा और महिला के सम्मान से खिलवाड़ न किया जाए।
3. श्रीगंगा सभा ने भी किया विरोध- श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे पवित्र तीर्थ स्थल को बदनाम करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने की साजिश करार दिया।
साथ ही, उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।











