रायपुर में बनेगा दूसरा श्याम मंदिर, 20 हजार वर्गफीट में होगा मंदिर परिसर

रायपुर के सड्डू इलाके में श्री श्याम बाबा के दूसरे प्रमुख मंदिर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। श्री श्याम सेवा मंडल सड्डू की ओर से मंदिर के साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए भवन भी बनाया जाएगा। जमीन की रजिस्ट्री 16 सितंबर को पूरी हो चुकी है।
12 दिसंबर को मंदिर का भूमि पूजन किया जाएगा। इसी दिन भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें चंडीगढ़ के भजन गायक कन्हैया मित्तल और रायपुर के विनय अग्रवाल प्रस्तुति देंगे।
मंडल के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल के मुताबिक करीब 20 हजार वर्गफीट में मंदिर परिसर विकसित किया जाएगा। यहां श्याम बाबा के साथ भगवान शिव, बजरंगबली और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। निर्माण पूरा होने में करीब दो साल लगने की संभावना है।
15 हजार वर्गफीट का सभागार और लॉन
परिसर में करीब 15 हजार वर्गफीट का सभागार और करीब 60 कमरे बनाने की योजना है। इसके अलावा 10 से 15 हजार वर्गफीट का लॉन और कार पार्किंग की सुविधा भी होगी। यहां शादी-विवाह, सामाजिक कार्यक्रम, सत्संग और धार्मिक आयोजन किए जा सकेंगे।
मंडल के अनुसार मंदिर और परिसर का निर्माण श्याम भक्तों व समाज के सहयोग से किया जाएगा।
12 दिसंबर को भजन संध्या
भूमि पूजन के बाद 12 दिसंबर को भजन संध्या होगी। कन्हैया मित्तल और विनय अग्रवाल के साथ अन्य भजन कलाकारों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है।
फिलहाल रायपुर में समता कॉलोनी स्थित प्रमुख श्याम मंदिर है। सड्डू में बनने वाला नया मंदिर शहर के श्याम भक्तों के लिए एक और प्रमुख धार्मिक स्थल होगा।











