पुसौर में 8 भाजपा पार्षदों के इस्तीफे की चर्चा, विकास कार्य नहीं होने का लगाया आरोप

रायगढ़। जिले के पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के 8 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पार्षदों ने भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दिवान के नाम इस्तीफे का आवेदन दिया है। आवेदन में नगर पंचायत के कामकाज और विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताई गई है।

पार्षदों का आरोप है कि प्रशासनिक कामकाज, शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष के स्तर पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि वार्डों में पानी, बिजली, सड़क और नाली समेत जनसुविधा से जुड़े कई काम नहीं हो रहे हैं।

पार्षद निधि से काम नहीं होने का आरोप

पार्षदों ने आवेदन में दावा किया है कि पार्षद निधि से जुड़े काम भी नहीं किए जा रहे हैं। दूसरे शासकीय विभागों में भी उनके काम नहीं होने की बात कही गई है।

इस्तीफा आवेदन में वार्ड 6 से बलराम संवरा, वार्ड 14 से शौकीराम चौहान, वार्ड 11 से रूपेश कुमार साव, वार्ड 3 से मंजू पटेल, वार्ड 2 से फागुलाल प्रधान, वार्ड 1 से प्रदीप यादव, वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव के नाम बताए गए हैं।

BJP जिलाध्यक्ष बोले- मुझे कोई आवेदन नहीं मिला

भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दिवान ने इस्तीफे की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि पुसौर के 8 पार्षदों की ओर से उन्हें अब तक कोई इस्तीफा आवेदन नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर इस्तीफे की बात सामने आ रही है।

दिवान ने बताया कि उन्होंने पार्षदों से बातचीत के लिए उन्हें बुलाया है। फिलहाल उनके पास इस्तीफे का कोई आवेदन नहीं पहुंचा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close