बिलासपुर अधिवक्ता संघ चुनाव में अनुराग बाजपेयी अध्यक्ष निर्वाचित, 380 वोटों से दर्ज की जीत

बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अनुराग बाजपेयी अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 380 मतों से हराकर जीत हासिल की। अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। वहीं धनंजय सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विवेक पांडेय सचिव और राधा रजक कनिष्ठ महिला उपाध्यक्ष चुनी गईं।
शनिवार को हुए मतदान में 2,446 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,819 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा 17 अधिवक्ताओं ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षा की दृष्टि से सिविल लाइन थाना में रखा गया था।
रविवार सुबह जिला न्यायालय परिसर में प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई, जो देर शाम तक चली। मतगणना पूरी होने के बाद सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद पर अनुराग बाजपेयी ने 380 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके साथ इस पद के लिए चंद्रशेखर बाजपेयी, संदीप कुमार द्विवेदी और टी.आर. निराला भी चुनाव मैदान में थे। परिणाम घोषित होते ही न्यायालय परिसर में समर्थकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
अन्य पदों पर धनंजय सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राधा रजक कनिष्ठ महिला उपाध्यक्ष, विवेक पांडेय सचिव, शंकर चतुर्वेदानी सह सचिव, मनोज सिंह ठाकुर ग्रंथालय सचिव, श्वेता शास्त्री कोषाध्यक्ष तथा सचिन दिघ्रस्कर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव निर्वाचित हुए। कार्यकारिणी के महिला आरक्षित पद पर हेमलता साहू और प्रतीक्षा सिंह ने जीत दर्ज की।
परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और उनके समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। इसके बाद सभी विजयी प्रत्याशी न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुराग बाजपेयी ने कहा कि यह जीत अधिवक्ताओं के विश्वास और स्नेह का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता न्यायालय में अधिवक्ताओं के सम्मान की रक्षा करना, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू कराने के लिए व्यापक आंदोलन चलाना तथा जूनियर और महिला अधिवक्ताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहेगा।











