तीर-धनुष और कत्ता लेकर गांव में मचा रहा था आतंक, पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में तीर-धनुष और लोहे का कत्ता लेकर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देने वाले एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस टीम के पहुंचने पर भी उग्र हो गया था, लेकिन जवानों ने सूझबूझ और सतर्कता से कार्रवाई करते हुए उसे काबू में कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बरौनाकुंडा के एक ग्रामीण ने थाने में सूचना दी थी कि 33 वर्षीय विद्याधर अगरिया हाथ में तीर-धनुष और मुर्गा काटने वाला लोहे का कत्ता लेकर गांव की गलियों में घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसकी हरकतों से गांव में दहशत का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुमार गौरव के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी और अधिक आक्रामक हो गया तथा हथियार लहराते हुए जवानों की ओर बढ़ने लगा। उसने चेतावनी दी कि जो भी उसके सामने आएगा, उसे जान से मार देगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संयम के साथ कार्रवाई की और उचित अवसर मिलते ही आरोपी की घेराबंदी कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे थाने लाया गया, जहां उसके कब्जे से तीर-धनुष और लोहे का कत्ता जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में इस तरह की कोई आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com