सूरजपुर में युवती की चाकू मारकर हत्या, मरने से पहले लिखे आरोपी के नाम से पुलिस ने प्रेमी को दबोचा

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवती की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। नेहरू पार्क में हुई इस वारदात में गंभीर रूप से घायल युवती ने दम तोड़ने से पहले कागज पर कथित आरोपी का नाम लिख दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने देर रात आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और दूसरे अफेयर के शक से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, लटोरी निवासी 19 वर्षीय राधिका राजवाड़े सूरजपुर में एक अधिवक्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी। रविवार शाम वह घर से निकलकर नेहरू पार्क पहुंची, जहां पहले से मौजूद बाइक सवार युवक ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू गले के आर-पार हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल राधिका कुछ दूर तक भागी और फिर पार्क में ही गिर पड़ी।

स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गले में गंभीर चोट होने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। इसी दौरान उसने इशारे से कागज और पेन मंगवाया तथा कथित हमलावर का नाम लिखकर पुलिस को बताया। उपचार के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और युवती द्वारा लिखे गए नाम के आधार पर पुलिस ने आरोपी रितेश राजवाड़े की पहचान कर देर रात उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी उस समय नशे की हालत में था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था। इसी वजह से उसने कथित तौर पर फोन कर युवती को नेहरू पार्क बुलाया और वहां उस पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com