पंजाब: अमृतसर में हथियार-नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, पाक कनेक्शन आया सामने

पंजाब के अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने सीमा पार से संचालित होने वाले हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पिस्तौल, कारतूस के साथ ही काफी मात्रा में हेरोइन भी बरामद की गई है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है. पुलिस ने बताया कि बरामद की गई पिस्तौल PX 5.7×28 mm TISAS (टर्की सीरीज) की हैं. ये अत्यधिक आधुनिक और खतरनाक किस्म की हैं, जिनमें उच्च भेदन क्षमता है और ये स्वचालित फायर करने में सक्षम हैं.
पाकिस्तान के तस्करों और हैंडलरों से संपर्क
शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों और हैंडलरों के संपर्क में थे. जांच के दौरान पाकिस्तान आधारित आईएसआई (ISI)एजेंट शहजाद भट्टी का नाम भी सामने आया है, जो भारत में हथियारों और नशे की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था. पुलिस के मुताबिक, शहजाद भट्टी का भारत में एक मजबूत लिंक था और इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य खेपों की जांच जारी है.











